ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि आईएसआईएल, सऊदी अरब में शिया और सुन्नी मुसलमानों में से किसी पर भी दया नहीं करेगा।
जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि आईएसआईएल यदि क्षेत्र में अपनी स्थिति मज़बूत कर लेता है तो फिर वह सऊदी अरब में शिया और सुन्नी मुसलमानों में से किसी पर भी दया नहीं करेगा। उन्होंने रविवार को तेहरान में इराक़ के मामलों में संयुक्त राष्ट्रसंघ के विशेष दूत के साथ भेंट में कहा कि आईएसआईएल, का ख़तरा केवल इराक़ तक सीमित नहीं है बल्कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गंभीर ख़तरा है। विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ ने सऊदी अरब में शिया समुदाय पर आईएसआईएल के आक्रमण के बारे में कहा कि यह आतंकवादी गुट सऊदी अरब में शिया और सुन्नी दोनों के लिए गंभीर ख़तरा है। उन्होंने वर्तमान स्थिति में इराक़ में एकता और एकजुटता की आवश्यकता पर बल दिया। इस भेंटवार्ता में इराक़ के बारे में संयुक्त राष्ट्रसंघ के विशेष दूत यान कोबिश ने कहा कि इराक़ का भविष्य उज्जवल है। उन्होंने कहा कि इराक़ में आईएसआईएल से मुक़ाबले के लिए इस देश के सभी वर्गों को एकजुट हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इराक़ की केन्द्रीय सरकार को मज़बूत किया जाए और आईएसआईएल के विरुद्ध संघर्ष के बारे में ईरान की भागीदारी सार्थिक होगी।